1 / 7
2 / 7
3 / 7
4 / 7
5 / 7
6 / 7

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, 14 हजार बीघा अवैध अफीम की खेती कराई नष्ट, पढ़े पूरी ख़बर


नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मप्र यूनिट ने देश के उत्तर पूर्व भारत के अरुणाचल प्रदेश में एक माह की सर्चिंग के बाद 14 हजार बीघा में अवैध अफीम की खेती पकड़ने में सफलता प्राप्त की। नीमच व ग्वालियर की टीम ने फोर्स के साथ खेतों में दबिश देकर फसल नष्ट कराई। यह पहला अवसर है जब मप्र यूनिट की दो टीमों ने दूसरे राज्य में एक माह तक सर्चिंग कर इतनी बड़ी मात्रा में अवैध अफीम की खेती पकड़कर नष्ट कराई। मप्र यूनिट के डीएनसी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि सीबीएन अवैध अफीम खेती रोकने के लिए ऑपरेशन वज्र शक्ति चलाया जा रहा है। मुखबिर की सूचना मिलने पर नारकोटिक्स कमिश्नर के निर्देश पर नीमच व ग्वालियर की टीम संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई के लिए अरुणाचल प्रदेश भेजी गई। टीम ने वहां स्थानीय प्रशासन व पुलिस से समन्वय बनाकर सर्चिंग अभियान चलाया। इसमें अलग अलग स्थानों पर 3600 हेक्टेयर (14 हजार बीघा) में अवैध अफीम की खेती मिली। इसके सैंपल लेकर खेत में ही फसल नष्ट करवाई गई। मप्र के रतलाम मंदसौर-नीमच जिले में 30 हजार किसान 2850 हेक्टेयर के पट्टों में अफीम की खेती कर रहे है। अवैध अफीम की जो खेती पकड़ाई है वह इससे भी 750 हेक्टेयर ज्यादा है।

तस्करों ने टीम रोकने के लिए रास्ते बंद कर दिए 

डीएनसी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश में तस्करों ने खेतों में अवैध अफीम खेती कर रखी थी। पौधों में फूल व डोडे आने लगे थे। इनमें चीरा लगाकर अफीम संग्रहण होना था। सीबीएन व पुलिस को रोकने के लिए तस्करों ने पेड़ काटकर सड़क पर डाल रास्ते बंद कर दिए थे। लकड़ी के गत्तों में कीले लगाकर सड़क पर गाढ़ रखे थे। ताकि वाहन इनके ऊपर से गुजरते ही पंक्चर हो जाए। बावजूद इसके सीबीएन अधिकारियों ने खेतों तक पहुंचकर अवैध खेती को पकड़ा।

नीमच सीबीएन ने देश में बनाई पहचान

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो नीमच में डीएनसी डॉ. संजय कुमार के नेतृत्व में मप्र यूनिट की नीमच व ग्वालियर टीम ने उत्तर पूर्व भारत में पहली बार कार्रवाई की है। इससे नीमच सीबीएन की देश में अलग पहचान बनी है। डीएनसी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि सूचना मिलने पर टीमें गठित कर कार्रवाई के लिए भेजी थी। तस्करों ने कई स्थानों पर टीम को रोकने के लिए रास्ते बंद किए थे। इनको ध्वस्त करते हुए टीम खेतों तक पहुंची और फसल को नष्ट कराया। 

Previous Post Next Post