नीमच। शहर में वाहनों की तेज रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। गत माह गोमाबाई रोड के भीषण सड़क हादसे के बाद भी वाहन चालकों की लापरवाही जारी है। यातायात पुलिस की अनदेखी भी इसका एक बहुत बड़ा कारण है। शहर के एलआईसी रोड स्थित सेन सर्कल पर भी शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार युवक को गंभीर चोटें आई है। राहगीरों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया है। जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एलआईसी रोड पर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार कार ने बाइक क्रमांक एमपी 44 एमके 7520 से जा रहे फैजल पिता निजामुद्दीन निवासी कोर्ट मोहल्ला नीमच सिटी को टक्कर मार दी। सेन सर्कल पर हुई दुर्घटना में बाइक सवार को गंभीर चोटें आई है। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। नागरिकों ने गंभीर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। इस दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।