नीमच। जिले के सरवानिया महाराज में रहने वाले युवक को भारतीय क्रिकेट टीम में स्थान मिला है। सरवानिया महाराज जैसे छोटे कस्बे के एक होनहार खिलाड़ी ने कम आयु में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस होनहार खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा के दम पर 18 वर्ष से कम आयु वाले खिलाडियों की भारतीय क्रिकेट टीम में स्थान मिला है। अब यह खिलाड़ी नेपाल में अपनी प्रतिभा दिखाकर देश, प्रदेश, जिले व कस्बे का नाम रोशन करेगा। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर सरखानिया महाराज कस्बे के भाजपा नेता व पूर्व पार्षद दिनेश चौहरा के बेटे सचिन चोहरा का क्रिकेट खेल में हुनर देखकर 18 वर्ष से कम आयु वाले खिलाडियों की भारतीय क्रिकेट टीम में स्थान मिला है। सचिन की खेल प्रतिभा का आकलन करने के बाद उन्हें यह मौका दिया गया है। सचिन व परिवारजनों की माने तो सचिन 6 जून 2022 को नेपाल में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य के रूप में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। सचिन की इस उपलब्धि से समूचा परिवार सहित समूचा सरवानिया महाराज और नीमच खटीक समाज अपने आप को बेहद गौरवान्वित महसूस कर रहा है। सचिन के पिता दिनेश चौहरा जिले के सरवानिया महाराज क्षेत्र के भाजपा नेता है एवं नगर परिषद सरवानिया महाराज में भाजपा की ओर से निर्वाचित पार्षद रहे हैं। वे वर्तमान में पूर्व पार्षद व भाजपा नेता के रूप में जनसेवा कर रहे हैं। वहीं परिवार के अन्य सदस्य भी सामाजिक व अन्य स्तर पर सक्रिय भूमिका में है। सचिन चौहरा का परिवार नीमच खटीक समाज का प्रतिष्ठित परिवार है। सचिन की उपलब्धि पर जिले और प्रदेशभर से सचिन व उसके पिता दिनेश चोहरा को शुभकामनाएं व बधाइयां मिल रही है। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उन्हें बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की जा रही है।
