सिंगोली। तहसील क्षैत्र के ग्राम किशनपुरा में बीती रात अज्ञात व्यक्ति एक खेत से उपजाऊ मिट्टी चोरी कर ले गए है।इस बाबत किसान ने सिंगोली पुलिस को भी सूचना दी है। बताया जाता है कि किसान रामेश्वर लाल पिता घीसालाल बलाई बीती रात अपने घर पर सोया हुआ था, तब ही कोई अज्ञात व्यक्ति दो जेसीबी 10 डंपर और 15 ट्रैक्टर लगाकर अवैध खनन करते हुए उसके खेत से मिट्टी चुरा ले गया। इस बाबत रामेश्वर लाल ने बताया कि सुबह कुछ लोगों ने उसे बताया कि बीती रात उसके खेत में धड़ल्ले से मिट्टी खनन चल रहा था, तब उसे मालूम पडा, जबकि उससे पूछा भी गया कि क्या उसने खेत की मिट्टी बेची है, लेकिन उसने ऐसा कुछ करने से मना कर दिया। रामेश्वर लाल का कहना है कि उसकी मां ने जरूर उसका खेत गिरवी रखा है। लेकिन उसका खेत न तो उसने किसी को गिरवी रखा है, और नहीं किसी से किसी प्रकार का अनुबंध किया है।
रामेश्वर ने बताया कि जब उसे खबर मिली तब वह खेत पर गया है, जहां पर देखा खेत को पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया था। बाद में उसने सिंगोली थाने जाकर पुलिस को सूचना दी। फिलहाल किसी व्यक्ति को पकड़ा नहीं गया है। मामले में पुलिस अज्ञात व्यक्तियों की तलाश कर रही है। बता दें कि सिंगोली क्षेत्र में प्रति वर्ष अप्रैल माह से मई जून के बीच करीब ढाई माह मिट्टी खनन का कारोबार चलता है। इसमें कुछ स्थानों पर वैध तो कुछ स्थानों पर अवैध खनन होता है। जब खनन माफिया को भूमि नहीं मिलती है तो वह इस तरह खेतों में मिट्टी चोरी को भी अंजाम देते हैं।
